लकड़ीपड़ाव क्षेत्र में राशन बांटने को लेकर एकत्र हुई भीड़ ने क्षेत्र में लगाई गई धारा 144 की जमकर धज्जियां उड़ाईं। राशन लेने को उमड़ी भीड़ में सोशल डिस्टेंसिंग तक का ध्यान नहीं रखा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को वहां से खदेड़ा और एक-एक कर राशन वितरित करवाया।
तहसील प्रशासन की ओर से दानदाताओं द्वारा दी गई मदद से नगर निगम के सभी वार्डों में गरीब तबके के लोगों को राशन वितरित करने का कार्य किया जा रहा है।
शनिवार को प्रशासन ने पार्षदों के माध्यम से लकड़ीपड़ाव और प्रजापति नगर में राशन वितरित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन इंतजाम की कमी के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रखा गया और वहां पर राशन लेने वालों की भीड़ लग गई। इन क्षेत्रों में लगाई गई धारा 144 के बीच बढ़ती भीड़ की सूचना मिलते ही एसडीएम योगेश मेहरा, सीओ अनिल जोशी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां पर उमड़ी भीड़ को वहां से खदेड़ा और उसके बाद एक एक कर राशन देने की प्रक्रिया शुरू की गई।
एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि लकड़ीपड़ाव और प्रजापतिनगर में राशन बांटने के चक्कर में भीड़ लगने की सूचना मिली थी। पुलिस के कई बार समझाने के बाद भी लोग नहीं मान रहे हैं। शनिवार को उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। घटना की पुनरावृत्ति होने पर कार्रवाई की जाएगी।