पनियाली गदेरे में सूर्यनगर के पास पुलिया के निर्माण को लेकर बालासौड़ वार्ड के लोगों ने उपजिलाधिकारी और सीओ कोटद्वार को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने पुलिया निर्माण में बाधा डालने वालों के खिलाफ मुखर होकर पुलिस और प्रशासन से कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
मंगलवार को वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण भट्ट के नेतृत्व में बालासौड़ के लोग सीओ कोटद्वार के कार्यालय पहुंचे और सीओ जीएल कोहली को ज्ञापन सौंपकर सरकार की ओर से स्वीकृत पुलिया के निर्माण में स्थानीय कुछ लोगों की ओर से बाधा डालने की शिकायत की। कहा कि कुछ लोग पनियाली गदेरे के ऊपर जनहित में बनने वाली पुलिया का निर्माण नहीं होने दे रहे हैं। कुछ दिन पूर्व इन्हीं लोगों ने लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों को मौके से भगा दिया था। उन्होंने संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इसके बाद बालासौड़ के लोग एसडीएम संदीप कुमार के पास पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। कहा कि पूर्व में पनियाली गदेरे में सूर्यनगर के पास कम ऊंचाई वाली संकरी पुलिया थी। बरसात में बाढ़ का मलबा पुलिया पर फंसने के कारण सूर्य नगर समेत बालासौड़ के घरों में बाढ़ का मलबा घुस जाता था, जिसके कारण वर्ष 2018 में संकरी पुलिया को तोड़ दिया गया था। वर्तमान में सरकार ने उसी स्थान पर नई पुलिया के लिए 61 लाख रुपये स्वीकृत किए हुए हैं। जिसका निर्माण कार्य शुरू होना था, लेकिन कुछ स्थानीय लोग सरकारी कार्य में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने एसडीएम से पुलिस बल उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। इस अवसर पर बालासौड़ की पार्षद नीरूबाला खंतवाल, नामित पार्षद गजेंद्र मोहन धस्माना, अतुल भट्ट, रमेश कुमार नेगी, रमेश चंद्र जखमोला, चिरंजीलाल गौड़, पीसी बलोधी, पार्वती ध्यानी, रजनी बलोधी, नरेश कुमार, रमेश चंद्र डोबरियाल, पंकज चमोली, ललित मोहन, राकेश लखेड़ा और रजनी देवी आदि मौजूद थे।