कोटद्वार डिपो कार्यालय में पर्वतीय रूट पर अनुबंधित बसों के संचालन के विरोध में धरना देते रोडवेज ?
- फोटो : KOTDWAR
उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद से जुड़े यातायात व कार्यशाला कर्मियों ने कोटद्वार डिपो से अनुबंधित बसों का पर्वतीय रूटों पर संचालन करने पर रोष जताया। आक्रोशित कर्मियों ने बृहस्पतिवार को छठवें दिन भी कार्यशाला के गेट पर डिपो प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। वहीं कर्मियों की हड़ताल के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्रियों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ रहा है।
इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि परिवहन निगम प्रबंधन अनुबंधित बसों की संख्या में इजाफा कर डिपो का निजीकरण कर रहा है, जिससे डिपो में कार्यरत संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों का रोजगार खत्म हो जाएगा। कहा कि संविदा और आउटसोर्स कर्मियों को समय पर वेतन का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। कहा कि सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर इसका विरोध करना होगा। प्रदर्शन करने वालों में यातायात शाखा मंत्री विनोद गुसाईं, कार्यशाला इकाई के मंत्री अनिल नेगी, सुरेंद्र सिंह, विमल जुयाल, संदीप राणा, संदीप लखेड़ा, प्रदीप असवाल, प्रदीप रावत, संदीप सिंह, केपी सिंह, हेमेंद्र सिंह, राजेंद्र नौटियाल, दिवाकर, दलबीर नेगी आदि शामिल रहे।