कोटद्वार। यूपी के नजीबाबाद की ओर से आने वाली रोडवेज बसों में कई बसें कोटद्वार में जाम का कारण बन रही हैं। जाम से न केवल हाईवे बल्कि अन्य प्रमुख मार्ग भी प्रभावित हो रहे हैं।
यूपी से आने वाली यूपी रोडवेज की कई बसें कोटद्वार डिपो तक नहीं पहुंच रही हैं। कुछ बसें डिपो तक पहुंच रही हैं और कई तीलू रौतेली चौक (लाल बत्ती) से ही लौट रही है। यूपी सीमा से कोटद्वार पहुंचकर लाल बत्ती चौक पर ही बस में सवार यात्रियों को उतारने और चौराहे पर ही बस की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को बस में बैठाने में 15 से 20 मिनट लग रहे हैं।
रोडवेज बस के पहुंचते ही ई-रिक्शाओं व टैंपो का जमघट सिरदर्द बन गया है। इस समय कोटद्वार-पौड़ी हाईवे और चौराहे से जुड़े देवी रोड, रेलवे स्टेशन मार्ग, गोखले मार्ग, पटेल मार्ग, गोविंद नगर मार्ग, रिफ्यूजी कॉलोनी मार्ग समेत अन्य संपर्क मार्ग प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, इन बसों के रोडवेज डिपो पर नहीं पहुंचने का दंश कोटद्वार रोडवेज डिपो को भुगतना पड़ रहा है।
डिपो क्षेत्र में रूट पर जाने वाली बसें यात्रियों की प्रतीक्षा में अतिरिक्त समय के लिए खड़ी हो रही हैं। यहां भी बसें सड़क पर ही खड़ी होने से रेलवे मार्ग एवं गोविंद नगर मार्ग पर भी जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। दूसरी ओर, यूपी की बसें डिपो नहीं आने से निर्धारित शुल्क की रिकवरी नहीं हो रही है और यात्रियों को भी यूपी के बसों की आवाजाही का समय की जानकारी नहीं हो रही है।
रोडवेज बस को चौराहे पर रोककर यात्री उतारने व बैठाने और यू-टर्न लेकर वापस नजीबाबाद की ओर रवाना होने वाली रोडवेज बसों का चालान किया जाएगा। दो दिन पहले ही एक बस का चालान किया भी है। -संतोष कुमार, यातायात उपनिरीक्षक, कोटद्वार।