दुगड्डा (कोटद्वार)। ब्लॉक के सिमलचौड़ गांव के ग्रामीणों ने सिलगाड नदी पर प्रस्तावित पुल का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने इस संबंध में लोनिवि दुगड्डा के अधिशासी अभियंता को संबोधित ज्ञापन कार्यालय में सौंपा।
ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामसभा सिमलचौड़ के अंतर्गत सिमलचौड़ और गोदी छोटी गांव के आवागमन के लिए सिलगाड नदी पर पुल नहीं है। बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ने से दोनों गांवों का मुख्य बाजार दुगड्डा से सड़क संपर्क कट जाता है। इससे बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती है। आपात स्थिति में समस्या और गंभीर हो जाती है।
उन्होंने बताया कि पुल निर्माण के लिए लोनिवि की ओर से पूर्व में सर्वे कराया जा चुका है और शासन स्तर पर भी कार्रवाई पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण शुरू नहीं हुआ है। ज्ञापन सौंपने वालों में राजेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, धर्मपाल सिंह, अंकित रावत, रणजीत सिंह, गौरव रावत, दीपक रावत, संदीप सिंह, हरेंद्र सिंह, भाजपा मंडल महामंत्री राहुल जैन, आनंद सिंह रावत और विधायक प्रतिनिधि सौरभ गुप्ता आदि शामिल रहे।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह ने बताया कि पुल निर्माण की प्रक्रिया शासन स्तर पर चल रही है। स्वीकृति मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।