नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में कोरोना संक्रमण से एक वृद्धा की मौत हो गई। वृद्धा को एक भी कोरोना का टीका नहीं लगाया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना गाइडलाइन के तहत शव प्रशासन के माध्यम से परिजनों को सौंप दिया है। इसके अलावा क्षेत्र में पांच बच्चों समेत 75 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित लोगों को होम आइसोलेट कर उनका उपचार शुरू कर दिया है।
बेस अस्पताल के कोविड नोडल चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि 24 जनवरी को कलालघाटी निवासी 85 वर्षीय वृद्धा को बुखार और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत होने पर बेस अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनका रैपिड एंटिजन और आरटीपीसीआर टेस्ट कराया गया, जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव आईं। इसके बाद वृद्धा को कोरोना आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया था। उपचार के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और 25 जनवरी को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉ. शर्मा ने बताया कि जांच में वृद्धा को एक भी कोरोना का टीका नहीं लगना पाया गया। उधर, सीएमओ डॉ. प्रवीन कुमार ने बताया कि कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में पांच बच्चों समेत 75 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर उपचार शुरू कर दिया है। संक्रमितों के सीधे संपर्क में आने वाले लोगों की सूची बनाई जा रही है। उनका आरटीपीसीआर टेस्ट कराया जाएगा।