श्रीदेव सुमन विवि पर बीएससी के पांचवें सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में अधिकतर छात्रों को फेल करने और गलत परीक्षा परिणाम जारी करने के आरोप में एनएसयूआई ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। गुस्साए छात्रों ने प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। उन्होंने परीक्षा परिणाम की गलतियों को ठीक कर दोबारा परिणाम घोषित करने की मांग की। साथ ही ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
शनिवार को छात्रसंघ अध्यक्ष एवं एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष हिमांशु बहुखंडी के नेतृत्व में राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार के छात्र महाविद्यालय के मुख्य गेट के पास एकत्र हुए। उन्होंने प्रदेेश सरकार और उच्च शिक्षा मंत्री के विरोध में जमकर नारेबाजी की और मंत्री का पुतला फूंका। इस अवसर पर छात्रों ने कहा कि पिछले हफ्ते विश्वविद्यालय की ओर से बीएससी के पांचवें सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसमें महाविद्यालय के करीब 70 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को फेल कर दिया गया है। छात्रों ने परीक्षा दी है, लेकिन परीक्षा परिणाम में उन्हें अनुपस्थित दिखाया गया है। यही नहीं परीक्षा परिणाम में अंकों के पूर्णयोग में भी 100-150 अंकों का अंतर पाया गया है। उन्होंने सरकार से उनकी मांग पूरी नहीं होने पर महाविद्यालय में हड़ताल करने की चेतावनी दी। इस अवसर पर छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष विजय रावत, बेबी बिष्ट समेत पूरी बीएससी के छात्र-छात्राएं मौजूद थे।