तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाइक सवार की पहचान करने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सोमवार शाम करीब पौने पांच बजे अपने पोते के साथ सड़क पार कर रही महिला ऊषा देवी (57) को तेज रफ्तार से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी, जिससे महिला की मौके पर मौत हो गई थी। मंगलवार सुबह मृतका के पति मानपुर निवासी सुरमान सिंह नेगी ने इस मामले में कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर में सुरमान सिंह ने बताया कि सोमवार शाम को उनकी पत्नी अपने पोते के साथ दुकान में दूध का पैकेट लेने के लिए गई थी। वह पोते के साथ सड़क पार कर रही थी, तभी तेजी से आ रही बाइक ने उनकी पत्नी को टक्कर मार दी। बाइक सवार की लापरवाही के कारण उनकी पत्नी की मौत हो गई है। उन्होंने बाइक सवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि मानपुर में बाइक दुर्घटना में हुई महिला की मौत के मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ असावधानी से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द बाइक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।