रिखणीखाल ब्लाक की ग्राम पंचायत डोबरिया के प्राथमिक विद्यालय डोबरियासार पानी नहीं होने से उसे कोरोना सेंटर नहीं बनाया जा रहा है।
दस वर्ष पूर्व सर्व शिक्षा अभियान के तहत 20 हजार रुपये खर्च कर विद्यालय में निकटवर्ती स्रोत से पाइप लाइन के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था की गई थी, लेकिन गर्मियों में स्रोत के सूख जाने के कारण छह माह ही पानी उपलब्ध हो पाता है। पानी के अभाव में गांव आने वाले प्रवासियों के लिए स्कूल में कोरोना क्वारंटीन और आइसोलेशन सेंटर नहीं बन पा रहा है।
प्रधानाचार्य भारत सिंह नेगी ने बताया कि पानी नहीं होने की वजह से प्रवासियों को स्कूल से लौटाया जा रहा है। जनहित में योजना के तहत उनके विद्यालय में विभाग को कनेक्शन लगा देना चाहिए। ईई एलसी रमोला का कहना है कि ब्लाक में योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। कर्मचारियों को भेजकर प्राथमिक विद्यालय में कनेक्शन लगाने की संभावनाओं को तलाशा जाएगा।