कोटद्वार बेस अस्पताल में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते एनएचएम कर्मचारी।
- फोटो : KOTDWAR
हरियाणा की तर्ज पर ग्रेड पे का लाभ देने समेत कई मांगों के समर्थन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन से जुड़े स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। दुगड्डा ब्लाक के नॉन टेक्निकल स्टाफ ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। शुक्रवार से संगठन से जुड़े प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा और बेस अस्पताल कोटद्वार के टेक्निकल स्टाफ ने भी हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
बुधवार को संगठन के कोटद्वार शाखा अध्यक्ष राहुल नेेगी के नेतृत्व में बेस अस्पताल कोटद्वार और पीएचसी दुगड्डा के कर्मचारी बेस अस्पताल परिसर में एकत्र हुए। उन्होंने हरियाणा राज्य के एनएचएम की तर्ज पर उत्तराखंड के एनएचएम कर्मियों को ग्रेड पेय का लाभ देने, एनएचएम में आउटसोर्स के माध्यम से की जा रही नियुक्ति को समाप्त करने और वर्तमान में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को एनएचएम में समायोजित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि बृहस्पतिवार को समिति एवं आउटसोर्सिंग के कर्मचारी आकस्मिक सेवाओं को छोड़कर कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। मांग पूरी नहीं होने पर नौ दिसंबर से सभी एनएचएम कर्मी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे। इस अवसर पर संगठन के शाखा सचिव अरविंद नेगी, तंजय मैठाणी, रोहित नेगी, रुचिता रावत, अजीत रावत, सुमित, उर्मिला तड़ियाल, कुलदीप रमोला, प्रवीन पोखरियाल, सुभाष, उपेंद्र रावत, सोनी, मनीष, अमित, आयुष रावत, दिव्या रावत, साक्षी रावत, स्वाति रावत, कनिका रावत और बीएस रावत आदि मौजूद थे।