नजीबाबाद-बुआखाल हाईवे पर कोटद्वार और दुगड्डा के मध्य पांचवें मील के समीप नया डेंजर जोन बनने से वाहन चालक और यात्री खतरे में आवाजाही करने को मजबूर हैं। स्थिति यह है कि पहाड़ी पर भारी बोल्डर फंसे हुए हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं। शिकायत के बाद भी एनएच प्रशासन मार्ग की सुध नहीं ले रहा है।
नजीबाबाद-बुआखाल हाईवे कोटद्वार से पूरे गढ़वाल को जोड़ता है। वर्तमान में हाईवे पर कोटद्वार और दुगड्डा के मध्य जगह-जगह पर पहाड़िया दरक रही हैं। सबसे ज्यादा खतरा पांचवें मील के समीप 33वें किमी पर बना हुआ है। यहां पहाड़ी का एक टूटा हुआ हिस्सा पहाड़ी पर फंसा हुआ है, जो कि दुर्घटना को न्योता दे रहा है। स्थिति यह है कि यहां पर बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर गिर रहे हैं।
राजेंद्र सिंह भंडारी, इंद्रमोहन जुयाल, अरविंद नेगी, सरिता देवी का कहना है कि इस संबंध में एनएच प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने पहाड़ी पर फंसे बोल्डरों को हटाकर मार्ग पर सुगम आवाजाही शुरू करवाने की मांग उठाई है।
प्रभावित क्षेत्र का मुआयना किया गया। पहाड़ी पर फंसे बोल्डरों को हटाना संभव नहीं है। हाल फिलहाल हाईवे पर किसी प्रकार का खतरा नहीं है। हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से हो रही है।
- अरविंद जोशी, अवर अभियंता, एनएच खंड लोनिवि धुमाकोट।