कोटद्वार। मिशन सांस्कृतिक कण्वनगरी (एमएसके) संस्था के पदाधिकारियों ने शनिवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शहर के सभी चौक चौराहों को अतिक्रमणमुक्त करने की मांग की है। कहा कि लालबत्ती समेत पूरे शहर में प्रमुख चौराहों पर ठेली, रेहड़ी व फुटपाथ पर सामान फैलाकर काम करने का प्रचलन बढ़ गया है।
एमएसके के संयोजक सुनील बहुखंडी ने ज्ञापन में कहा कि कोटद्वार में बड़ी संख्या में बाहरी जनपदों से आकर लोग सड़कों के किनारे अतिक्रमण कर दुकान, ठेली, फड़ का काम कर रहे हैं। इनके बीच अराजक व आपराधिक प्रवृत्ति के लोग भी शामिल हैं। ये लोग पहाड़ में पलायन से खाली हुए गांवों तक फैलने लगे हैं। ये लोग नशा व मानव तस्करी जैसे धंधों में भी संलिप्त रहते हैं।
यदि इन्हें यहां पर अतिक्रमण के नाम पर शरण न मिले तो ये खुद ही अपने गृह जनपद लौट जाएंगे। कहा कि शहर में इन अतिक्रमणकारियों ने फुटपाथ तक कब्जा लिए हैं। लालबत्ती चौराहे पर बनी सब्जी मंडी के सड़क तक पसरे रहने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होती है।
ज्ञापन सौंपने वालों में एसके बहुखंडी, पूर्व सैनिक विलोचन प्रसाद नैथानी, महिपाल सिंह रावत, प्रवीन रावत, विजयपाल सिंह रावत, धीरू सिंह बिष्ट, दिव्यांश रावत समेत कई लोग मौजूद रहे।
फोटो समाचार