45 लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत केंद्र पहुंचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
कण्वघाटी/कोटद्वार। सिगड्डी ग्रोथ सेंटर स्थित सिंपेक्स फार्मा फैक्ट्री में शनिवार को गैस रिसाव की सूचना पर प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान की मॉक ड्रिल की। इसमें गैस रिसाव की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत और तीन के घायल होने का परिदृश्य तैयार किया गया। वहीं, फैक्ट्री में फंसे 45 अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत केंद्र पहुंचाया गया।
मॉक ड्रिल के तहत वार्ड झंडीचौड़ उत्तरी के पार्षद रजनीश बेबनी ने 112 नंबर पर कॉल कर फैक्ट्री में गैस रिसाव की आशंका जताई। सूचना मिलते ही एसडीएम संदीप कुमार के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच में पता चला कि फैक्ट्री के फर्नेस ऑयल (एफओ) बॉयलर की पाइप लाइन फटने से गैस का रिसाव हो रहा है।
टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पाइप लाइन का लीकेज बंद कर गैस रिसाव पर काबू पाया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने प्रभावित लोगों को बाहर निकालकर बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया। एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि मॉक ड्रिल में तीन लोगों की मौत, एक के गंभीर घायल और दो अन्य के सामान्य रूप से घायल होने की स्थिति दर्शाई गई।
मॉक ड्रिल में तहसीलदार राजेंद्र सनवाल, कलालघाटी चौकी प्रभारी राजाराम डोभाल, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीम, सिंपेक्स फार्मा के एचआर प्रवेंद्र सिंह भंडारी, पशु चिकित्सक सुबोध रंजन सहित अमौजूद रहे।