अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) भाबर इकाई ने राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार भाबर में भूगोल, गृह विज्ञान और इतिहास विषय की कक्षाएं संचालित करने की मांग उठाई। मांग को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को ज्ञापन भेजा।
एबीवीपी के जिला संयोजक अजय कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रभारी प्राचार्य डॉ. अरविंद सिंह के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि स्थानीय विद्यालयों में अधिकतर छात्र-छात्राओं की भूगोल, गृह विज्ञान और इतिहास में ही रुचि है, जिस कारण वह भाबर महाविद्यालय में प्रवेश लेने के लिए इन्हीं विषयों की मांग करते रहे हैं। ज्ञापन में संबंधित विषयों की कक्षाएं इसी सत्र से शुरू कराने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष सागर कंडवाल, मंत्री मंजीत थपलियाल, विकास, दीपिका जखमोला, मानसी, शिवानी और संध्या आदि शामिल रहे।