कोटद्वार। विकासखंड रिखणीखाल क्षेत्र के ग्राम किमगांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हो गया है। राजस्व पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विवाहिता की मौत की वजह जहर खाना माना गया है।
रिखणीखाल के इडियाकोट मल्ला-पांच के पटवारी मोहम्मद इस्माइल ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व 28 जनवरी की रात ग्राम किमगांव निवासी सरिता (22) पत्नी चंद्र सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। घटना के दिन ही सरिता के मायके पक्ष ने उसकी मौत के कारणों पर संदेह जताते हुए राजस्व पुलिस से शव का पोस्टमार्टम करवाने और पूरे मामले में जांच की मांग की थी। राजस्व पुलिस को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि विवाहिता की मौत जहर खाने से हुई। राजस्व उपनिरीक्षक ने बताया कि विवाहिता के मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पति, ससुर और जेठानी पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। अग्रिम जांच के लिए शव का बिसरा भी सुरक्षित रखवा लिया गया है।