दुगड्डा/कोटद्वार। मर्चूला बस हादसे के बाद पौड़ी जनपद में पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। मंगलवार को पुलिस ने दुगड्डा समेत जिलेभर के बैरियराें पर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी है। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर दोपहिया, मालवाहक वाहन समेत यात्री बसों व जीप टैक्सियों के चालान काटे।
सोमवार को अल्मोड़ा जनपद के मर्चूला के पास हुए बस हादसे में 36 लोगों की जान चली गई। 27 अन्य घायल हो गए। एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने पुलिस को बैरियरों पर वाहनों की सघन चेकिंग के आदेश दिए हैं। दुगड्डा चौकी पुलिस ने सोमवार को रोडवेज, जीएमओयू की बसों समेत अन्य यात्री एवं मालवाहक वाहनों की जांच की। देर शाम तक वाहनों की चेकिंग जारी रही। इस दौरान पुलिस ने कुल 12 वाहनों का चालान काटकर 12 हजार रुपये का अर्थदंड वसूले। कोतवाल रमेश तनवर ने बताया कि दुगड्डा समेत सभी जगहों पर ओवरलोडिंग के विरुद्ध चालान किए जा रहे हैं। वाहन चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत भी दी जा रही है।