दुगड्डा ब्लाक के राजस्व ग्राम नाथूपुर में ड्रोन और नवीन सर्वेक्षण तकनीकी से मैपिंग का कार्य करत?
- फोटो : KOTDWAR
अब ग्रामीणों को अपनी संपत्ति का मालिकाना प्रमाणपत्र मिलेगा। दुगड्डा ब्लाक में स्वामित्व योजना के तहत गांवों में आवासों व अन्य संपत्तियों का ड्रोन व नवीन सर्वे तकनीकी से मैपिंग का कार्य शुरू हो गया है। योजना के प्रथम चरण में राजस्व ग्राम नाथूपुर में श्रेणी 6-2 की भूमि पर निर्मित भवन को चिह्नित किया गया।
रविवार को दुगड्डा ब्लाक के ग्राम पंचायत सिमलचौड़ के राजस्व ग्राम नाथूपुर में स्वामित्व योजना के सर्वे का शुभारंभ किया गया। सर्वे टीम में शामिल राजस्व उप निरीक्षक राजेश राणा ने 1960 से पूर्व श्रेणी 6-2 भूमि निर्मित भवनों व खेतों को चिह्नित किया। उन्होंने बताया कि सशक्त पंचायत से होगा सशक्त भारत का निर्माण के तहत देश के सभी गांवों में आवासों आदि की ड्रोन और नवीनतम सर्वे तकनीक से मैपिंग की जा रही है। योजना के तहत ग्रामीणों को अपनी संपत्ति का एक मालिकाना प्रमाणपत्र दिया जाएगा। गांव की सीमा के अंदर आने वाली प्रत्येक संपत्ति का डिजिटल रूप से नक्शा बनाया जाएगा। इसके तहत सुव्यवस्थित योजना बनाने व राजस्व संग्रह में मदद मिलेगी। शहरों की तरह अब गांवों में भी बैंकों से लोन मिलने में सुविधा मिलेगी। संपत्ति संबंधी मामलों को भी सुलझाया जा सकेगा। सर्वेक्षण टीम में राजस्व उप निरीक्षक अशोक जोशी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी राकेश बिष्ट आदि शामिल रहे।