रिखणीखाल के मंदाल और पैनों घाटी के लोगों के लिए रथुवाढाब में लगे मोबाइल टावर ने काम शुरू कर दिया है। जैसे ही टावर ने काम करना शुरू किया तो लोगों के मोबाइल में नेटवर्क आए गए और लोग खुशी से झूम उठे। इस दौरान लोगों ने अपने परिचितों और नाते-रिश्तेदारों के साथ वीडियो कालिंग कर उनके साथ खूब बातचीत की। बेहतर संचार की सुविधा मिलने से बच्चे भी खुश हैं। नेटवर्क आने के बाद उनकी ऑनलाइन पढ़ाई सुचारु हो जाएगी।
रिखणीखाल ब्लाक के मंदाल और पैनों घाटी में संचार सुविधाएं बदहाल होने के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण लंबे समय से रथुवाढाब या आसपास के क्षेत्र में मोबाइल टावर की मांग करते आ रहे थे। सूचना प्रसारण मंत्रालय ने ग्रामीणों की मांग पर जियो कंपनी को मोबाइल टावर लगाने की अनुमति पूर्व में ही दे दी थी। करीब डेढ़ माह में कंपनी ने रथुवाढाब में मोबाइल टावर लगा दिया। रविवार से क्षेत्र में टावर ने काम करना शुरू कर दिया। संचार की समस्या खत्म होने के बाद लोग काफी खुश हैं। कर्तिया निवासी बचन सिंह, ज्वालाचौड़ निवासी अरुण सिंह, चैन सिंह, सुरेंद्र सिंह, अनिल कुमार और रामेश्वरी देवी सहित सभी ग्रामीण संचार सुविधा मिलने से खुश हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य कर्तिया बिनीता ध्यानी ने बताया कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कर्तिया गांव कुछ हिस्सों, कांडा नाला, कालिंको, हैडग्वाड, भैंस्यारौ, जवाड़ियों रौल आदि इलाकों में नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। उन्होंने पापड़ी धार या रौंदडी उप गांव के धार में सब टावर लगाने की मांग की। वहीं जियो कंपनी के महाप्रबंधक एससी यादव ने कहा कि रथुवाढाब में टावर ने काम करना शुरू कर दिया है।