चुनावी शोर थमने के बाद भी आमपड़ाव व जौनपुरवासियों की समस्या की ओर किसी भी राजनीतिक दल या प्रत्याशी का ध्यान नहीं जा रहा है। क्षेत्र में तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। स्थिति यह है कि क्षेत्रवासी आसपास के अन्य क्षेत्रों से पानी ढोकर लाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने जल संस्थान के अधिकारियों से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग की।
सामाजिक संस्था जनाधिकार मंच के अध्यक्ष आशा राम, रोहताश, सिंटू, मोहित कुमार, संदीप, सुल्तान अहमद, सुनीता देवी आदि ने बताया कि आमपड़ाव और जौनपुर क्षेत्र में पेयजल की समस्या को देखते हुए करीब दो दशक पहले शासन ने डिग्री कालेज के समीप ट्यूबवेल निर्माण को स्वीकृति प्रदान की। ट्यूबवेल बनने के बाद क्षेत्र में पानी की समस्या काफी हद तक हल हो गई थी लेकिन अब ट्यूबवेल की पावर मशीन काफी पुरानी हो चुकी है, जिससे आए दिन क्षेत्र में पेयजल की समस्या बनी रहती है। कहा कि पेयजल आपूर्ति न होने से पीने के लिए भी पानी नहीं मिल पा रहा है। कहा कि ट्यूबवेल मशीन काफी पुरानी होने के कारण कर्मचारियों को प्रतिदिन मशीन को चालू करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कहा कि ट्यूबवेल में आए दिन खराबी से क्षेत्रवासी परेशान हैं। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों से जनहित में समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
ट्यूबवेल में खराबी आ गई थी, जिसे दूर किया जा रहा है। सोमवार सुबह से क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। - बीआर चौधरी, सहायक अभियंता उत्तराखंड जल संस्थान कोटद्वार।