कोटद्वार। कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देकर स्थानीय युवक से 97 हजार रुपये की ठगी के आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, सिम कार्ड व 24 हजार 700 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया है।
कोतवाल रमेश तनवार ने बताया कि कोटद्वार निवासी सोनम बिष्ट ने मामले में विगत 25 सितंबर को कोतवाली पुलिस को शिकायती प्रार्थनापत्र दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि उनके भाई को विरेंद्र सिंह नाम के एक व्यक्ति ने साउथ अफ्रीका में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए उसने कुछ रुपये मांगे। उनके भाई ने विश्वास कर उसके बताए नंबरों पर 97 हजार रुपये डाल दिए। कुछ समय बाद जब आरोपी ने कॉल रिसीव नहीं की तो उन्हें धोखाधड़ी होने का अहसास हुआ।
पुलिस ने शिकायती प्रार्थनापत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए छानबीन शुरू की। एसएसपी ने पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ठगी का खुलासा कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित करने के निर्देश कोतवाली पुलिस को दिए। बताया कि उनके नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम एवं साइबर सर्विलांस टीम गठित की गई। गठित पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजेक्शन की ट्रेसिंग और डिजिटल सर्विलांस के माध्यम से आवश्यक जानकारी जुटाई गई। साक्ष्य संकलन एवं जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि उक्त धोखाधड़ी की घटना को अंजाम देने वाला विरेंद्र नहीं, अपितु अनिल रावत निवासी ग्राम भल्डयाणा कंडीसौड़ टिहरी गढ़वाल था। मामले की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल रावत को बृहस्पतिवार को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है।
.
पैसे की तंगी के कारण शुरू की ठगी
कोतवाल रमेश तनवार ने आरोपी से हुई पूछताछ का हवाला देते हुए बताया कि आरोपी अनिल रावत कुछ समय पहले ओमान में नौकरी करता था। वहां वीजा खत्म होने के बाद वह भारत वापस आ गया। जिससे उसे पैसों की तंगी हो गई थी। उसे पता था कि बहुत सारे लोग नौकरी के लिए विदेश जाना चाहते हैं। इसलिए उसने कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए लोगों से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करनी शुरू कर दी।
.
फोटो समाचार
जारी
अशोक केष्टवाल