कोटद्वार। नंदपुर के गणपति चौक पर मुख्य मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों में रोष है। सड़क के बीचोंबीच गड्ढे में भरा पानी तालाब का रूप ले चुका है लेकिन समस्या के निराकरण की न तो विभाग को सुध है और न ही प्रशासन को। बृहस्पतिवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री ने गणपति चौक पहुंचकर हालत में सुधार के लिए प्रशासन से संपर्क करने का लोगों को आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गणपति चौक का मार्ग क्षेत्र का प्रमुख आवागमन मार्ग है जिससे रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। पानी भरने के बाद गड्ढे की वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने लोगों की समस्या को सुनकर लोनिवि के ईई से फोन पर शीघ्र समाधान के लिए कहा। उन्होंने डीएम, एसडीएम विभाग के उच्च अधिकारियों के समक्ष भी इस मामले को प्रमुखता से रखने की बात कही। संवाद