वीकेंड पर रविवार को कोटद्वार के सिद्धबली मंदिर में सिद्धबाबा के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं
गर्मी में श्रद्धालुओं ने घंटों लाइन में लगकर किए 30 हजार ने दर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। वीकेंड पर रविवार को सिद्धबली मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान मंदिर से लेकर खोह पुल तक श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। गर्मी में श्रद्धालुओं ने घंटों लाइन में लगकर बाबा के दर्शन किए और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर में भीड़ अधिक होने के कारण तिलवाढांग चौकी के पास दिनभर जाम लगता रहा। पुलिस को व्यवस्था बनाने में खूब पसीना बहाना पड़ा। रविवार को 30 हजार श्रद्धालुओं ने सिद्धबाबा के दर्शन किए।
रविवार को पर्वतीय क्षेत्र के साथ ही यूपी के बिजनौर, मेरठ, दिल्ली, हरियाणा समेत आसपास के अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। स्थिति यह रही कि दोपहर 1:00 बजे तक मंदिर से लेकर खोह पुल तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान कोतवाली पुलिस के जवानों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने व्यवस्था बनाने में सहयोग दिया। सिद्धबली मंदिर और फलाहारी बाबा मंदिर की पार्किंगें फुल रही। जब लोगों को अपने वाहन खड़े करने के लिए पार्किंग में जगह नहीं मिली तो उन्होंने एनएच पर वाहन खड़े करने शुरू कर दिए जिससे तिलवाढांग चौकी से लेकर पुलिंडा रोड तिराहे तक जाम लगता रहा। हाईवे पर अन्य सामानों के स्टॉल लगने से भी जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि पुलिस ने यूपी से आने वाली ट्रैक्टर ट्राॅलियों को पहले ही बुद्धपार्क के समीप डिग्री कॉलेज मार्ग पर खड़े करा दिए थे। सिद्धबली मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. जेपी ध्यानी ने बताया कि रविवार को करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने सिद्धबाबा के दर्शन किए।
मैदानी रूटों के लिए बसें न मिलने से परेशान रहे लोग
कोटद्वार। श्री सिद्धबली मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और विभिन्न पर्यटन स्थलों से पर्यटकों के वापस मैदानी क्षेत्रों में लौटने के कारण रविवार को बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ रही। कोटद्वार से ट्रेनें व बसें सीमित होने के कारण लोगों को बस नहीं मिलने पर लंबा इंतजार करना पड़ा। कोटद्वार में तेज गर्मी होने और रोडवेज डिपो परिसर में बसों की प्रतीक्षा कर रहे लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था नहीं होने पर उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। उधर, रेलवे स्टेशन, रोडवेज डिपो एवं गढ़वाल मोटर ऑनर्स यूनियन का स्टेशन आसपास होने से लोगों की भीड़ के कारण कई बार जाम की स्थिति बनी। यातायात पुलिस कहीं दिखाई नहीं दी। लोगों को वाहन नहीं मिलने की समस्या के साथ ही जाम से भी जूझना पड़ा। संवाद