कोटद्वार। मैदानी क्षेत्रों से रोडवेज बसों के कोटद्वार नहीं पहुंचने से मैदानी क्षेत्रों में जाने वाले लोग दो से तीन घंटे परेशान रहे। पर्वतीय क्षेत्रों से कोटद्वार पहुंचने वाली बसों पर ही प्रतीक्षारत लोग निर्भर रहे।
शनिवार को रक्षाबंधन का त्योहार था। हालांकि काफी लोग शुक्रवार और उससे पहले ही गंतव्य के लिए रवाना हो गए थे, लेकिन शनिवार सुबह भी लोग त्योहार मनाने के लिए घरों से निकले थे। रोडवेज डिपो से भी 12 बजे तक बसें गंतव्य के लिए रवाना हो चुकी थीं। इसके बाद लोगों को बस नहीं मिली। काफी देर प्रतीक्षा के बाद लोग लाल बत्ती चौक पहुंचकर यूपी के नजीबाबाद, बिजनौर एवं अन्य स्टेशनों से आने वाली बसों की प्रतीक्षा करने लगे।
दो घंटे प्रतीक्षा के बाद पहुंची गढ़मुक्तेश्वर डिपो के चालक ने बताया कि नजीबाबाद में दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों, फ्लाईओवर, सर्विस रोड, शहर के प्रमुख संपर्क मार्ग, हाईवे से जुड़े प्रमुख जिला मार्ग पर जबरदस्त जाम है। हजारों वाहन जाम में फंसे हैं। जाम से निकलने में ही दो से तीन घंटे लग रहे हैं। कोटद्वार आने वाली रोडवेज बसें जाम में फंसने और इसके बाद कोटद्वार से नजीबाबाद तक मार्ग बदहाल होने से बसें कोटद्वार विलंब से पहुंच रही हैं।
निजी वाहनों में क्षमता से ज्यादा सवारी और अतिरिक्त किराया वसूला
कोटद्वार में लालबत्ती चौक के पास से प्राइवेट वाहन नजीबाबाद के लिए चलते हैं। शनिवार को घंटों बसें नहीं आने पर मैक्स चालकों ने लोगों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए मैक्स में क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाईं और अतिरिक्त किराया वसूला गया। इतना ही नहीं जाम में फंसने से बचने के लिए सवारियों को पहले ही उतार दिया।