कोटद्वार। लगातार बारिश से सड़कें बदहाल हो गई हैं। आलम यह है कि सर्वाधिक व्यस्त लालबत्ती चौक पर भी सड़क पर गड्ढे होने लगे हैं। राहगीर लड़खड़ाकर गिर रहे हैं और दोपहिया वाहन अनियंत्रित हो रहे हैं। वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती पर उनकी प्रतिमा के सामने ही सड़क बदहाल हो गई है।
सावन की बारिश ने कई जगह शहर की सड़कों की सूरत बिगाड़ दी है। लालबत्ती चौक पर तीन जगह सड़क में गड्ढे हो चुके हैं और सड़क पर लगातार बजरी उखड़ने के साथ गड्ढे बन रहे हैं। शुक्रवार को तीलू रौतेली जयंती मनाई गई लेकिन किसी ने लालबत्ती चौक पर तीलू की प्रतिमा के सामने गड्ढों की सुध लेना जरूरी नहीं समझा। इसके अलावा कोतवाली और तहसील मुख्यालय के निकट, जीजीआईसी के सामने और सिद्धबली मार्ग पर कई जगह सड़क पर गड्ढे हो चुके हैं। इनके आसपास सड़क से लगातार बजरी उखड़ने से नए गड्ढे बन रहे हैं। लालबत्ती चौक से कौड़िया की ओर भी कई जगह हाईवे पर गड्ढे हो चुके हैं। देवी रोड एवं बीईएल रोड पर पहले से ही काफी गड्ढे हैं, जो बारिश में और भी बड़ी समस्या बन गए हैं।
कोटद्वार में रेलवे स्टेशन और रोडवेज डिपो से जुड़े मार्ग पर सीवर लाइन का एक चैंबर क्षतिग्रस्त पड़ा है। इस चैंबर की मरम्मत नहीं हुई है, बल्कि उसके स्थान पर बोल्डर डाल दिए गए हैं। इतना ही नहीं इस जगह इंटरलॉक सड़क नीचे दबने से डामर सड़क कुछ ऊंची उठ गई है। जिससे ठोकर बन चुकी है। यहां पथप्रकाश की व्यवस्था नहीं होने से रात के समय गुजरने वाले राहगीरों पर खतरा मंडरा रहा है। वर्षा होने के दौरान सीवर लाइन अवरुद्ध होने पर इसी जगह एक फीट तक जलभराव होता है। जिससे दुर्घटना का खतरा और भी बढ़ जाता है।