क्षेत्र की खोह, मालन, सुखरो और तेलीस्रोत नदियों में खनन अविलंब रोकने की मांग को लेकर हिंदू युवा वाहिनी का कोटद्वार तहसील में आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने खनन रोकने की मांग को लेकर एसडीएम योगेश मेहरा को ज्ञापन दिया।
हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बजरंगी और प्रदेश मंत्री मीना अग्रवाल की अगुवाई में संगठन ने बुधवार को तहसील में धरना दिया। एसडीएम को दिए ज्ञापन में उन्होंने कहा कि खनन से कोटद्वार भाबर की नदियां छलनी हो चुकी हैं। भारी बरसात में जहां शासन-प्रशासन की ओर से प्रदेश में खनन पर रोक लगाई हुई है, वहीं कोटद्वार भाबर की नदियों में रिवर ट्रेनिंग और चैनलाइजेशन (नदी से मलबा उठाना) के नाम पर खनन हो रहा है। कहा कि नदियों में खनन से ग्रामीणों के आने जाने के रास्ते बंद हो चुके हैं और खनन से गहरे गड्ढे होने के कारण लोगों की जान जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने सुखरो समेत सभी नदियों में खनन बंद करवाने की मांग की। धरने पर बैठने वालों में युवा वाहिनी के जिला प्रभारी राजाराम रावत, जिलाध्यक्ष चेतन जोशी, नगर मंत्री प्रवेश कुमार, प्रकाश सैनी, धीरेंद्र सिंह रावत, सुमित कुमार, भूपेंद्र सिंह, आशुतोष बौंठियाल, नितिन रावत, दीपक थापा, अनीता रावत, मंजू देवी, विनीता राणा और जमुना देवी आदि शामिल रहे।