खनन के विरोध में कोटद्वार तहसील में धरना-प्रदर्शन करते हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता।
- फोटो : KOTDWAR
क्षेत्र की खोह, मालन, सुखरो और तेलीस्रोत नदियों में वैध और अवैध खनन रोकने की मांग को लेकर हिंदू युवा वाहिनी का कोटद्वार तहसील मुख्यालय में लगातार दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने नदियों में बने गहरे गड्ढों में मरने वाले बच्चों और किशोरों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बजरंगी और प्रदेश मंत्री मीना अग्रवाल की अगुवाई में संगठन ने मंगलवार को दूसरे दिन भी कोटद्वार तहसील में धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वैध और अवैध खनन से कोटद्वार भाबर की नदियां छलनी हो चुकी हैं। लोगों के नदियों से आने जाने के रास्ते बंद हो चुके हैं। नदियों में वैध और अवैध खनन से खुदी गहरी खाइयों में पानी भरने से झील बन गई हैं। खोह, सुखरो और मालन में अब तक पांच किशोर जान गंवा चुके हैं, इसके बाद भी स्थानीय प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। अवैध खनन से नदियों का रुख आबादी की ओर हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने सुखरो समेत सभी नदियों में खनन बंद करवाने की मांग प्रशासन से की है।
धरना देने वालों में युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष चेतन जोशी, जिला महामंत्री पवन रावत, प्रकाश सैनी, धीरेंद्र सिंह रावत, सूरज सिंह, नितिन रावत, प्रवेश कुमार, अर्जुन सिंह, दिनेश थापा, कोमल राणा, आकाश रावत, दिव्यांश, विकास प्रजापति, सुमित कुमार, दीपक थापा, भूपेंद्र सिंह, विशाल, आशुतोष बौंठियाल, अनीता रावत आदि शामिल रहे।