जयहरीखाल ब्लाक के दर्जनभर गांवों में आतंक का पर्याय बने गुलदार को वन विभाग के अधिकारियों ने आदमखोर घोषित कर मौत के घाट उतारने के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों ने गांव में वन विभाग की कई टीम तैनात करते हुए शिकारी जॉय हुकिल को गांव में भेज दिया है। डीएफओ नितिशमणि त्रिपाठी ने ओडल और पौखाल गांव में तीन पिंजड़े लगवा दिए हैं।
रविवार दिन में ओडल गांव में पांच साल की मासूम गौरी को निवाला बनाने के बाद गुलदार क्षेत्र में सक्रिय रहा। सोमवार को क्षेत्र के कई गांवों में दिन में ही गुलदार नजर आने लगा। पौखाल गांव में एक और बच्ची पर झपट्टा मारने की खबर से वन विभाग ने तुरंत घटना की जानकारी अधिकारियों को दी। देर शाम मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक उत्तराखंड डीबीएस खाती ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने के आदेश जारी कर दिए। डीएफओ ने बताया कि लोगों को सतर्क कर दिया गया है। गुलदार के आने-जाने के संभावित स्थानों पर पिंजड़े लगवा दिए गए हैं।