संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। इनरव्हील क्लब पिंक की ओर से आर्य कन्या इंटर कॉलेज कोटद्वार में आयोजित सजगता कार्यशाला में विद्यालय की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर और इससे बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यशाला में बतौर मुख्य वक्ता डॉ. चारू रावत ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि किसी भी प्रकार के कैंसर में शरीर की कोशिकाएं असामान्य और अनियंत्रित रूप में बढ़ने लगती हैं। सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के सबसे निचले भाग का घातक ट्यूमर होता है। ज्यादातर सर्वाइकल कैंसर ह्यूमन पेंपिलोमा वायरस (एचपीवी) के संक्रमण के कारण होता है। असुरक्षित यौन संबंध, गर्भधारण, ज्यादा समय तक गर्भ निरोधक गोलियों का सेवन, यौन संचारित बीमारियों और ज्यादा तनाव के कारण सर्वाइकल कैंसर होता है।
क्लब की अध्यक्ष बीना मित्तल और प्रधानाचार्य रेनू नेगी ने उनका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर क्लब ने राप्रावि नंबर-1 में एक कोना कक्षा का स्थापित कर विद्यालय को प्रेरणादायक पुस्तकें प्रदान की। विद्यालय को टॉय रूम के लिए खिलौने भी प्रदान किए। इस मौके पर क्लब की सचिव हेमा अग्रवाल, एडिटर पूजा लड्डा, कोषाध्यक्ष शोभा सिंघल, उपाध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल, सारिका, अंशुल, मोनिका, अंजली, सीमा, ज्योत्सना, मुक्ता आदि मौजूद रहे।