सतपुली के ओडल गांव के पास पहुंची आग।
- फोटो : KOTDWAR
सतपुली क्षेत्र के कई इलाकों में लगी भीषण आग रविवार को एनएच तक पहुंच गई। हाईवे के दोनों ओर लगी भीषण आग के कारण हाईवे पर आधा घंटे यातायात अवरुद्ध रहा। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नगर पंचायत क्षेत्र के सतपुली मल्ली में शनिवार शाम भड़की आग घरों व एनएच तक पहुंच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कस्बे के निकटवर्ती ग्राम ओडल में भी जंगल में भीषण आग से अफरातफरी मच गई। आग से कई पक्षियों के घोंसले जल गए, जिससे कई पक्षियों की भी मौत हो गई। उधर, जयहरीखाल विकासखंड की कौड़िया पट्टी के ग्राम पटखोली में भी भीषण आग गांव तक जा पहुंची। भारी दावानल से पटखोली के ग्रामीणों के जलौनी लकड़ियों के ढेर और पशु चारा आग की भेंट चढ़ गए। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। पटखोली के ग्रामीण कन्हैया लाल ने डीएम को भेजे शिकायती में निकटवर्ती गांव के ग्रामीणों को आग लगाने का दोषी बताते हुए उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।