द्वारीखाल ब्लाक के डाडामंडी में जंगल से भवनों पर लगी आग।
- फोटो : KOTDWAR
जंगल की आग अब आबादी और कस्बों तक पहुंचने लगी है। सोमवार रात को जंगल की आग द्वारीखाल ब्लाक के डाडामंडी कस्बे और आबादी तक पहुंच गई, जहां वीरान पड़े दो भवनों में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सोमवार रात को अचानक जंगल की आग फैलकर डाडामंडी कस्बे तक पहुंच गई। आग से दो वीरान पड़े भवन जल गए। बस्ती के बीच भवनों में लगी आग देख लोगों में अफरा तफरी मच गई। नजदीक के अन्य भवनों में आग लगने के खतरे को देखते हुए पहले लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद फायर विभाग को फोन पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी प्रकार आग पर काबू पाया। भवन खाली होने के कारण कोई नुकसान नहीं हुआ, भवन में लगी लकड़ी जल गई। गनीमत रही कि आग नजदीक के घरों में नहीं फैली, अन्यथा जान-माल का नुकसान हो सकता था। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जंगलों में लगी आग को बुझाने की मांग की। आग पर काबू पाने में फायर मैन गजेंद्र भट्ट, अनुसूया प्रसाद गौड़, मो. अरशद, पंकज, गजेंद्र भट्ट ने मदद की। राजस्व उप निरीक्षक राजेश राणा ने बताया कि डाडामंडी में दो वीरान भवनों में आग लगी थी। उन भवनों में कोई नहीं रहता था। आग से हुई क्षति का आकलन किया जाएगा।