यमकेश्वर ब्लाक के खंड गांव में ग्रामीणों को पर्यटन विकास की जानकारियां देते जिला पर्यटन अधिकारी
- फोटो : KOTDWAR
जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने यमकेश्वर ब्लाक के खंड गांव पहुंच कर यहां पर्यटन विकास की संभावनाएं तलाशीं। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर राज्य सरकार की पर्यटन विकास से जुड़ी रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी। उनके साथ पहुंचे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े मणिशंकर घोष एवं व्यासघाट के होमस्टे संचालक आलम सिंह ने भी ग्रामीणों को पर्यटन विकास के बारे में जानकारियां दीं।
बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने ग्रामीणों को दीनदयाल उपाध्याय अतिथि गृह आवास, होम स्टे योजना एवं वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना के बारे में बताया। साथ ही इच्छुक लोगों को फार्म भी बांटे। उन्होंने सभी होमस्टे, होटल संचालकों को पर्यटन विभाग में पंजीकृत कराने और बाहर से आने वाले पर्यटकों से कोविड-19 गाइडलाइन का अनुपालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को स्वरोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कहा कि यह क्षेत्र सालभर पर्यटकों से गुलजार रहता है। यहां होमस्टे, होटल, गेस्ट हाउस, टेंट कालोनी का सृजन कर व पुराने घरों का जीर्णोद्धार कर ग्रामीण स्वरोजगार को और अधिक मजबूत बना सकते हैं। इस अवसर पर ग्राम प्रधान कांडी प्रह्लाद सिंह नेगी, आलम सिंह रावत, दीपक, नितिन कुमार, सुनील दत्त, देवचंद्र, जितेंद्र कुमार, चंद्रमा देवी, बिंदु और मालती देवी मौजूद रहे।