कोटद्वार। पूर्व सैनिक संघर्ष समिति ने कोटद्वार शहर और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए शुक्रवार को नगर में रैली निकाली। कहा कि अतिक्रमण के कारण कोटद्वार अपनी सुंदरता खो रहा है। इस मौके पर पूर्व सैनिकों ने समस्या के निराकरण के लिए तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पूर्व सैनिक देवी रोड स्थित मोटर नगर में एकत्र हुए। यहां से उन्होंने समिति के अध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह रावत की अगुवाई में नगर में रैली निकाली। रैली नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए तहसील पहुंची। यहां पूर्व सैनिकों ने एसडीएम सोहन सिंह सैनी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। पूर्व सैनिकों ने कहा कि शहर की आबादी करीब डेढ़ लाख के आसपास है।
कहा कि अतिक्रमण के कारण शहर अपनी सुंदरता को खोता जा रहा है। एनएच, गोखले मार्ग, पटेल मार्ग समेत नगर के सभी मुख्य व संपर्क मार्गों पर अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे इन मार्गों पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए पूर्व सैनिकों की ओर से पहले भी शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
फल सब्जी वालों द्वारा सड़क पर रेहड़ी व फड़ें लगाए जाने से जहां आवागमन बाधित हो रहा है, वहीं आए दिन ग्राहकों एवं राहगीरों के साथ अभद्रता भी की जा रही है। जिससे शहर का माहौल खराब होने की आशंका बनी हुई है। कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी जिला प्रशासन, नगर निगम और संबंधित एजेंसियां इस दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही हैं। ज्ञापन में जनहित में कोटद्वार शहर को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों में समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश बिष्ट, संयोजक मेहरबान सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट, महासचिव मदन सिंह नेगी, राजमोहन सिंह नेगी और दीनदयाल सिंह गुसाई आदि शामिल रहे।