किशनपुर/कण्वघाटी। भाबर क्षेत्र के लछमपुर स्थित यूनिकस एकेडमी में आयोजित मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम में पहुंचे डांस मास्टर और बॉलीवुड स्टार राघव जुयाल ने एकेडमी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के संग खूब मस्ती की। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों में राघव जुयाल के साथ सेल्फी लेने की होड़ लगी रही।
उद्घाटन मुख्य अतिथि राघव जुयाल, विशिष्ट अतिथि अमन मैठाणी, लेफ्टिनेंट जनरल जेएस रावत (सेनि.) ने सयुंक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि राघव ने महानगरों में दी जा रही पाश्चात्य शिक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि उत्तराखंड में संस्कृति को साथ लेकर दी जा रही संस्कारवान शिक्षा प्रणाली सर्वोत्तम है। कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ ही सभी गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। बताया कि प्रदेश के विकास के लिए सभी को अपने स्तर पर सामूहिक प्रयास करने होंगे, तभी हम उत्तराखंड को विश्व पटल पर ला सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गढ़वाली, जौनसारी और बॉलीवुड गीतों में मनमोहक नृत्य पेश कर सभी की तालियां बटोरी। बच्चों को नाचते देख राघव खुद को नहीं रोक पाए और बच्चों संग थिरकने लगे। इस अवसर पर सोसाइटी की अध्यक्ष अनीता रावत, डायरेक्टर अभय रावत, प्रधानाचार्य मान सिंह सुब्बा, पतंजलि राज्य कार्यकारिणी सदस्य शोभा रावत और जयवीर सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
.
उत्तराखंड स्वीट्जरलैंड से कम सुंदर नहीं, बाॅलीवुड में भी होती है चर्चा
कण्वघाटी। कार्यक्रम के दौरान राघव जुयाल प्रेस से मुखातिब हुए और उन्होंने पत्रकारों के संग अपने जीवन के अनुभवों को साझा किया। कहा कि उन्होंने अपने संघर्ष के शुरुआती दिनों में भी बहुत आनंद लिया और संघर्ष के बाद उन्होंने डांस इंडिया डांस में सफलता प्राप्त कर नाम कमाया। उनकी एक वेब सीरीज ग्यारह-ग्यारह और फिल्म किल की अपार सफलता के बाद वो अब तीन बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। इसके साथ ही दक्षिण भारत की फिल्मों में भी वह जल्द नजर आएंगे। कहा कि उत्तराखंड से उनका बेहद लगाव रहा है। उनका हमेशा प्रयास रहता है कि वह उत्तराखंड की खूबसूरती को बॉलीवुड के माध्यम से विश्व के सामने लाएं। सुंदरता के मामले में उत्तराखंड स्वीट्जरलैंड से कम नहीं है। बाॅलीवुड में भी इस बात पर चर्चा होती है।