सरुली मेरू जिया लगी ग्ये तेरी रौंत्याली मुखड़ी मा.. रुमाझुमा बाली संध्या जाली.. है पंडो जागदीवा व्हे जावा ..बंग्लादेश काला डांडा लड़े लगी च..मोरी रख्या खोली.. जैसे गीतों से शनिवार को बैकुंठ चतुर्दशी मेले की पहली संध्या को जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण ने सुरमई बनाया। भरतवाण के साथ मनु वंदना ने जुगलबंदी की।
शनिवार करीब 9 बजे रात्रि को बैकुंठ चतुर्दशी मेले के सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ स्वामी अद्वेतानंद जी महाराज ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संस्कृति व परंपराओं को जिंदा रखने में श्रीनगर के बुद्धिजीवियों का महत्वपूर्ण योगदान है। पालिका अध्यक्ष विपिन मैठानी ने कहा कि मेलों के संरक्षण व भव्य आयोजन में सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।
सीतापुर नेत्र चिकित्सालय परिसर में आयोजित बैकुंठ चतुर्दशी मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में प्रीतम भरतवाण के जागरों पर लोग देर रात तक झूमते रहे। इस दौरान कई श्रोताओं पर देवता भी जागृत होते रहे। इस दौरान पुलिस को शांति व्यवस्था बनाए रखने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी अनूप बहुगुणा भी मौजूद रहे। वहीं संध्या का संचालन अनिल गोदियाल ने किया।
नाट्य में फिल्म ‘रांझणा’ के कलाकार दिखाएंगे प्रतिभा
बैकुंठ चतुर्दशी मेले में पहली बार नाट्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। छह दिवसीय इस महोत्सव में देश की प्रसिद्ध नाट्य संस्थाएं प्रतिभाग कर रही हैं। फिल्म ‘रांझणा’ में अहम भूमिका निभाने वाले कलाकारों की टीम भी महोत्सव में प्रतिभाग कर रही है।
नाट्य महोत्सव का आयोजन राजकीय पालीटेक्निक आडिटोरियम में 14 नवंबर से 19 नवंबर तक किया जाएगा। महोत्सव के प्रभारी परवेज अहमद ने बताया कि 14 नवंबर को लोकनाद नाट्य संस्था की ओर से देवलगढ नाटक, 15 को यूनिवर्सिटी यूथ क्लब की ओर से गोरिल नाटक, 16 को बेला थिएटर नई दिल्ली की ओर से कंजूस मिंया दिवान नाटक, 17 को प्रज्ञा आर्ट्स नई दिल्ली की ओर से शांति विहार गली नं 6 नाटक, 18 को विरासत नाट्य संस्था की ओर से खाडू लापता नाटक, 19 को अस्मिता थिएटर ग्रुप की ओर से दस्तक व अस्मिता नाट्य संस्था की ओर से कोर्ट मार्शल नाटक का मंचन किया जाएगा।
डॉग शो में दिखी कलाबाजियां
श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेले में आयोजित डॉग शो में फाक्स टेरियर प्रजाति में शिवम पांडे का कुत्ता पहले नंबर पर रहा। जबकि जर्मन शेफर्ड प्रजाति में अमन जोशी का कुत्ता और रोटर्स प्रजाति में मोहन सिंह का कुत्ता प्रथम स्थान पर रहे। वहीं भोटिया प्रजाति में अरुण प्रकाश का कुत्ता, लेबरा प्रजाति में अक्षय मलहोत्रा का कुत्ता, क्रेन टेरियर में गब्बर सिंह असवाल का कुत्ता व रोट बिल्यर प्रजाति में सौरभ गोदियाल का कुत्ता प्रथम रहा। निर्णायक मंडल में पशु चिकित्साधिकारी डा. रजनीश पांडे, कलम सिंह नेगी, एचसी बमोला, रमेश रावत आदि शामिल थे।
सेंट थेरेसास ने जीती संस्कृत नृत्य प्रतियोगिता
श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी में आयोजित जूनियर वर्ग की संस्कृत नृत्य प्रतियोगिता में सेंट थेरेसास कान्वेंट जीती। जबकि सीनियर वर्ग में जयदयाल अग्रवाल संस्कृत महाविद्यालय विजेता रहा। रविवार को हुई प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में जयदयाल अग्रवाल संस्कृत महाविद्यालय ने दूसरा और रेनबो पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में श्रीगुरुराम राय पब्लिक स्कूल दूसरे व जीजीआईसी श्रीनगर तीसरे स्थान पर रहा। कार्यक्रम का संचालन कन्हैया लाल पंत ने किया। जबकि संस्कृत प्रवक्ता रामचंद्र भट्ट प्रतियोगिता के संयोजक थे।
मेले में आज
प्रात: 06:45 बजे योग शिविर (जीआईएंडटीआई मैदान में)
प्रात: 09:00 बजे विद्यालयों की खेलकूद प्रतियोगिता (एनआईटी मैदान में)
पूर्वान्ह 11:00 बजे शिशु प्रर्दशनी (जीआईएंडटीआई मैदान में)
सायं 05:00 बजे नाट्य महोत्सव का शुभारंभ
रात्रि 07: 00 बजे लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम