कोटद्वार। कोटद्वार स्थित भूमि संरक्षण कार्यालय प्रांगण में मंगलवार को समस्या समाधान एवं जनसुनवाई बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान शहरवासियों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण पर मंथन के साथ ही कोटद्वार के विकास के लिए आपसी सहयोग, समन्वय और सामंजस्य पर ध्यान केंद्रित किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि शहर की समस्याओं का प्रभावी समाधान तभी संभव है जब विभाग जिम्मेदारी के साथ आपसी समन्वय बढ़ाएं और कार्यों में गति लाएं। उन्होंने नागरिकों की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ समझने और उस पर समयबद्ध कार्रवाई करने के लिए कहा।
स्कूल बसें और वाहन परिसर में ही खड़े करने और ओवरलोडिंग रोकने के लिए परिवहन और पुलिस विभाग को सतर्क निगरानी के निर्देश दिए। वहीं, शहर में सूकर पालन, ओवरलोड खनन वाहन, ध्वनि प्रदूषण और कर विभाग से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने डीएम को पृथक समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मेयर शैलेंद्र रावत ने आवासीय भवनों के जल संयोजन में आ रही दिक्कतों, निराश्रित पशुओं की समस्या, बंदरों के उत्पात आदि समस्याओं पर कहा कि विभागीय समन्वय बढ़े तो समाधान संभव है। व्यापार संघ की ओर से बढ़ते वाहनों, सीमित पार्किंग, चालानी कार्रवाई और सड़क किनारे ठेलियों से व्यवस्था प्रभावित होने के मुद्दे रखे। विस अध्यक्ष ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन को संतुलित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। कहा कि लाइसेंसिंग व्यवस्था में व्यापार मंडल को शामिल किया जाए और मुख्य मार्गों पर पार्किंग प्रबंधन को सुव्यवस्थित किया जाए।
पार्षदों ने देवीरोड, कौड़िया मार्ग पर भारी वाहनों से हो रहे नुकसान, नालों में ब्लॉकेज, एडीबी का धीमा कार्य, सड़कों के क्षतिग्रस्त होने, सिंचाई गूलों के बंद होने, बिजली लाइनों की समस्या, राशन कार्ड अपडेट जैसी कई समस्याएं रखीं।
डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के लिए उचित कदम उठाने के प्रति आश्वस्त किया। साथ ही बैठक में प्रशासनिक समन्वय को रेखांकित किया। उन्होंने नगर निगम, पुलिस, जल संस्थान और एडीबी सहित सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के लिए कहा। बैठक में एसएसपी सर्वेश पंवार, प्रभागीय वनाधिकारी जीवन मोहन दगाड़े, नगर आयुक्त पीएल शाह, एसडीएम शालिनी मौर्य, व्यापार संघ अध्यक्ष पंकज भाटिया एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।