केंद्रीय विद्यालय की अड़चनें दूर करने की मांग को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते पूर्व सैनिक।
- फोटो : KOTDWAR
पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग को लेकर तहसील में धरना देते हुए प्रदर्शन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को ज्ञापन प्रेषित कर केंद्रीय विद्यालय की राह में आने वाली अड़चनें दूर करने की मांग की।
पूर्व सैनिक सेवा परिषद से जुड़े पूर्व सैनिक तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्रीय विद्यालय के निर्माण की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि संगठन पिछले 10 वर्षों से कोटद्वार भाबर में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग कर रहा है। कहा कि वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के प्रयासों से झंडीचौड़ में 8 एकड़ भूमि चयनित कर फाइल स्वीकृति के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय दिल्ली को पूर्व में भेजी जा चुकी है।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि वर्ष 2009 में कुछ लोगों ने केंद्रीय विद्यालय के लिए चयनित भूमि पर अपना हक जताते हुए एसडीएम कोर्ट में केस दायर किया है। इस बीच 8 एसडीएम बदल गए, लेकिन केंद्रीय विद्यालय की भूमि की अड़चन समाप्त नहीं हुई। कहा कि 16 दिसंबर के बाद कभी भी केंद्रीय विद्यालय का शिलान्यास हो सकता है। प्रदर्शनकारियों में अध्यक्ष गोपालकृष्ण बड़थ्वाल, सुभाष कुकरेती, अनूप बिष्ट, सीपी डोबरियाल, बलवान सिंह रावत, उम्मेद सिंह चौधरी, सुरेश रावत, शूरवीर सिंह खेतवाल आदि शामिल रहे।