संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने काशीरामपुर में नगर निगम की ओर से संचालित गोशाला का निरीक्षण किया। गोशाला के बाहर व भीतर स्वच्छ वातावरण नहीं मिलने पर नाराजगी जताई और सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
रविवार को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने निरीक्षण के दौरान गोशाला के आसपास बह रहे गंदे नाले को देखकर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को नाले की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से न केवल हम, बल्कि पशु भी स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने गोशाला के भीतर भी नियमित रूप से सफाई कराने और आवश्यकता अनुसार कीटनाशक का छिड़काव कराने के भी निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने गर्मियों के मौसम में गायों को गर्मी से बचाव के लिए गोशाला परिसर में पंखे लगाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने पंखों का प्रबंध करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि गोवंश भारत की आत्मा है। भारतीय संस्कृति में पूज्य भी है। आज गोवंश के गोबर व गोमूत्र से अनेक औषधियां व उत्पाद बनाए जा रहे हैं। जिनका समाज में चलन भी बढ़ रहा है।
निरीक्षण के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें गोशाला के समुचित संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की गई। नगर आयुक्त वैभव गुप्ता ने गोशाला को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी के साथ ही समस्याएं भी बताईं। इस दौरान राकेश मित्तल, नंदकिशोर कुकरेती, नगर आयुक्त वैभव गुप्ता, सचिन, अंकित, विक्रांत, प्रकाश आदि उपस्थित रहे।