कोटद्वार। नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार शाम को लगातार दूसरे दिन नगर की मुख्य सड़कों व फुटपाथ पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान टीम सड़क पर अतिक्रमण करने पर झंडाचौक से तीन फल सब्जी वालों की ठेलियां व सामान जब्त कर ट्रैक्टर ट्राॅली में भरकर अपने साथ ले गई।
शुक्रवार शाम को नगर आयुक्त वैभव गुप्ता के निर्देश पर नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम झंडाचौक पहुंची। यहां टीम फल सब्जी वालों की तीन ठेलियां व सामान जब्त कर ट्रैक्टर ट्राॅली में भरकर अपने साथ ले गई। टीम के गोखले मार्ग पहुंचने से पहले ही ठेली वाले जहां अपनी ठेलियां लेकर भाग खड़े हुए, वहीं फड़ लगाकर फल सब्जी बेचने वालों ने भी सामान समेट लिया। इसके बाद टीम पटेल मार्ग पहुंची। यहां भी टीम के पहुंचने से पहले ही फल सब्जी वाले ठेलियां लेकर भाग निकले।
टीम ने मस्जिद वाली गली में भी कुछ व्यापारियों के चालान काटे। हालांकि टीम के जाते ही दोनों मार्गों पर फिर से जस के तस हालात हो गए। नगर आयुक्त वैभव गुप्ता ने कहा कि सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। टीम में नायब तहसीलदार सरदार सिंह चौहान, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, सफाई निरीक्षक परमीत कुमार समेत सफाई हवलदार, सफाईकर्मी और पीआरडी के जवान शामिल रहे।