कोटद्वार। पौखाल क्षेत्र की युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी युवक को कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे सिमलचौड़ कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में पौड़ी जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
बाजार चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि सार गांव निवासी अंकिता (18) राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पांच जून को उसने कोटद्वार महाविद्यालय परिसर में रहस्यमय परिस्थिति में जहर पी लिया था और कोटद्वार में उसकी मौत हो गई थी। इस पर युवती पिता प्रदीप सिंह निवासी कठूड़बड़ा ने चंद्रपाल सिंह पुत्र धर्मपाल सिंह के खिलाफ 306 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच सीओ कोटद्वार जेआर जोशी ने की थी। जांच के बाद चंद्रपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मंगलवार को बदरीनाथ मार्ग पर डिग्री कॉलेज वाली सड़क के पास आरोपी युवक चंद्रपाल की लोकेशन मिली तो पुलिस उसे गिरफ्तार कर लिया।