कोटद्वार। लकड़ीपड़ाव क्षेत्र में बुधवार दिनदहाड़े चोरों ने एक घर के ताले तोड़ नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार की ओर से बाजार चौकी में घटना की तहरीर दी गई है। घटना के वक्त घर के लोग ताला लगाकर बाजार काम से आए हुए थे।
इरशाद ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर घर के सभी लोग बाहर गए हुए थे और घर पर ताला लगा हुआ था। शाम को जब वे घर लौटे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था। अंदर कमरों का नजारा देख उनके होश उड़ गए। सभी कमरों का सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। आलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ मिला। इरशाद ने बताया कि आलमारी में रखे डेढ़ लाख के जेवरात और बीस हजार की नकदी गायब है। मामले की बाजार चौकी पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। बाजार चौकी प्रभारी रवींद्र नेगी ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।