बैजरो/कोटद्वार। बीरोंखाल के रसिया महादेव में लोगों की भीड़ ने आबकारी विभाग की टीम पर हमला बोल दिया। हमलावर आबकारी विभाग के वाहन से अवैध शराब और बियर लूट ले गए। भीड़ आबकारी विभाग के कब्जे से अवैध शराब बेचने के आरोपी को भी छुड़ा ले गई है। घटना रविवार रात की है। इस मामले में संबंधित आबकारी निरीक्षक की ओर से राजस्व पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आबकारी टीम ने मौके से भागकर जान बचाई।
थलीसैंण सर्किल की आबकारी निरीक्षक अनुराधा रावत ने खाटली पल्ला के राजस्व उपनिरीक्षक नरेंद्र कठैत को घटनाक्रम की तहरीर देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। आबकारी निरीक्षक ने अपनी तहरीर में बताया कि प्रशासन के निर्देश पर आबकारी टीम ने बीरोंखाल के रसिया महादेव में एक दुकान पर छापेमारी की। टीम ने वहां एक दुकानदार के कब्जे से अवैध शराब व बियर बरामद करते हुए उसे बंदी बना लिया। इस दौरान अचानक भीड़ ने उन पर हमला बोल दिया। आबकारी विभाग के सिपाहियों से मारपीट की और वाहन में बरामद कर रखी गई अवैध शराब और बियर लूट ली। लोग विभाग के वाहन में भी तोड़फोड़ करते हुए बंदी बनाए गए दुकानदार को छुड़ा ले गए। टीम ने भागकर अपना पीछा छुड़ाया।
उधर, छापेमारी की घटना से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। लोगों ने उलटे आबकारी विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बीरोंखाल क्षेत्र की शराब की दुकानों में ओवर रेट की शिकायत करने पर लोगों को फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी प्रभाशंकर मिश्रा ने बताया कि उन्हें घटनाक्रम की मौखिक जानकारी मिली है। मनवर सिंह के खिलाफ नामजद और अन्य अज्ञात लोगों पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।