कोटद्वार। लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रही फर्जी फाइनेंस कंपनी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों में से एक को कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है।
गत दो सितंबर को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर काशीरामपुर स्थित वसुंधरा फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने फर्जी मोहरें, फर्जी नामों के आई कार्ड, विजिटिंग कार्ड, कंप्यूटर सिस्टम और चार हजार रुपये की नकदी बरामद की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी फरार हो गए थे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआई अशोक सिरस्वाल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था।
कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल ने बताया कि फरार आरोपियों में से एक यूपी के मेरठ जिले के कंकरखेड़ा थाने के ग्राम सिंधावली निवासी शाहिद उर्फ अमित शर्मा पुत्र मुबारक को शनिवार को मेरठ के रोहटा बाईपास तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि मामले में एक आरोपी अब भी फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।