लैंसडौन। गोयूं ग्राम में बारात विदाई के समय हुई मारपीट की घटना में राजस्व पुलिस ने मारपीट के तीनों आरोपियोें के खिलाफ संबंधित धाराओं में नामजद मुकदमा दर्जकर कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। इस मामले में पटवारी ने आरोपियों को आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 41 के तहत नोटिस जारी किए हैं। आरोपियों में कोटद्वार निवासी जस्सू उर्फ जसपाल, शिवपुर निवासी संजय शाह और अभिषेक शामिल हैं।
राजस्व उपनिरीक्षक राजपाल सिंह ने बताया कि घटना 24 नवंबर की है। आर्मी के सप्लाई डिपो में कार्यरत गजेंद्र शाह के पुत्र भूपेंद्र का विवाह गोंयू गांव के बालकृष्ण शाह की पुत्री से तय हुआ था। बारात लड़की के घर आई थी। शादी दिन की थी। बारात विदा होने के समय रात सात से आठ बजे के बीच दूल्हे का भाई देवेंद्र शाह दुल्हन के घर पर पहली मंजिल में वधू पक्ष के जस्सू उर्फ जसपाल, अभिषेक, शिवपुर कोटद्वार के संजय शाह उर्फ डिमरी के साथ बातचीत कर रहा था। बातचीत के दौरान उनमें कहासुनी हो गई, जो बाद में धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। दूल्हे का भाई देवेंद्र पहली मंजिल पर बने शौचालय से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को कोटद्वार ले जाया गया। सिर पर लगी गुम चोट के कारण उसे वहां से देहरादून रेफर करना पड़ा। जहां अब भी उसका उपचार चल रहा है। पटवारी राजपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ वर के पिता गजेंद्र की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट सिनर्जी अस्पताल देहरादून से मिल चुकी है। इसमें उसके चोटिल होने की पुष्टि हुई है।