कोटद्वार। सनेह क्षेत्र के वार्ड नंबर एक ग्रास्टनगंज के रतनपुर में तीन युवकों ने एक अधिवक्ता के साथ गाली गलौच और मारपीट की। मामले में पीड़ित अधिवक्ता की ओर से कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दे दी गई है। आरोपियों की एनसीआर काटे जाने से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने कोटद्वार पहुंचे एसएसपी पौड़ी से मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। मामले में एसएसपी ने अधिवक्ताओं को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
रतनपुर कुंभीचौड़ निवासी अधिवक्ता रजनीश (31) पुत्र जगमोहन सिंह ने कोतवाली को दी तहरीर में कहा कि रोजमर्रा की तरह शनिवार रात साढ़े आठ बजे वह टहलने के लिए ग्रास्टनगंज गए। वापसी में रतनपुर तिराहे के समीप तीन युवक आपस में गाली गलौच कर रहे थे, जिस पर उन्होंने विरोध किया। विरोध करने पर तीनों युवकों ने गाली गलौच करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनकी आंख और छाती पर गंभीर चोटें आईं, उन्हें यहां लाकर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ता रात को कोतवाली पहुंचे और मामले में पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों की एनसीआर काट दी। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने रविवार को सुशील रघुवंशी हत्याकांड का खुलासा करने पहुंचे एसएसपी पौड़ी से मुलाकात कर मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एसएसपी ने बार एसोसिएशन को मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन सिंह पंवार, पूर्व अध्यक्ष अजय पंत, मुकेश कबटियाल, आशुतोष कंडवाल, अरविंद वर्मा व प्रकाश नेगी आदि मौजूद रहे।
-फोटो