भाबर के झंड़ीचौड़ पश्चिमी में ग्रामीणों ने गौ वंश चोरी कर ले जा रहेे एक युवक को दबोच लिया जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब हो गया। ग्रामीणों ने युवक को कलालघाटी पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने झंडीचौड़ पश्चिमी के सटे जंगल से युवक द्वारा चोरी कर बांधा गया एक बैल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुुसार जलालाबाद निवासी मोहम्मद रईस अपने साथियों के साथ जंगल से सटे गांवों से गौ वंश चोरी कर जलालाबाद बिजनौर ले जाकर बेचने का काम करते हैं। बताया कि फरार युवक सोनू भी जलालाबाद का निवासी है। झंडीचौड़ पश्चिमी निवासी कुलदीप सिंह रावत का बैल शुक्रवार से लापता था। शनिवार दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे वह ग्रामीणों के साथ अपने बैल को खोजने जंगल की ओर जा रहा था तभी उन्हें गांव में दो संदिग्ध युवक बाइक पर घूमते दिखाई दिए। संदेह होने पर ग्रामीणों ने किसी तरह घेर कर एक युवक को दबोच लिया जबकि दूसरा फरार होने में कामयाब हो गया। ग्रामीणों ने युवक को कलालघाटी पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया जहां उसने बताया कि कुलदीप सिंह रावत का बैल भी उन्होंने चोरी करके जंगल में बांध रखा है। ग्रामीण राजेंद्र कुमार, चंद्रमोहन, चंद्रमणी, राजेंद्र प्रसाद, सुरेश चंद्र, मुकेश चंद्र, भूपेंद्र प्रसाद, विजय कुमार, चंद्र प्रकाश, कमल किशोर ने बताया कि पिछले कुछ समय में उनके भी गौ वंश चोरी हुए हैं। उन्होंने इस संबध में कलालघाटी पुलिस चौकी में तहरीर देने के साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।