कोटद्वार। जिला कांग्रेस कमेटी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग समेत आठ सूत्री मांगों के निराकरण के लिए नगर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मांगों के निराकरण के लिए एसडीएम सोहन सिंह सैनी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता मालवीय उद्यान में एकत्र हुए, यहां से जिलाध्यक्ष विनोद डबराल की अगुवाई में उन्होंने नगर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। जुलूस नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ तहसील पहुंचकर सभा में तब्दील हुआ। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग के निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दी थी, जिसमें कार्यदायी संस्था ईपीआई की ओर से वन अधिनियम के मानकों के अनुरूप आरबीआई-81 के तहत सड़क का निर्माण कर रही थी।
इस बीच भाजपा सरकार के सत्तासीन होते ही कार्यदायी संस्था को बदल दिए जाने से निर्माण कार्य अवरुद्ध हो गया। कहा कि इस मार्ग के लिए प्रदेश सरकार की ओर सुप्रीम कोर्ट में लचर पैरवी की जा रही है। कहा कि मेडिकल काॅलेज के लिए भी कांग्रेस सरकार ने भूमि उपलब्ध कराने के साथ ही वहां धन आवंटन कराया।
मौके पर चाहर दीवारी, ट्यूबवेल आदि निर्माण कार्य शुरू किए, लेकिन भाजपा सरकार ने कार्य फंसा दिया। झंडीचौड़ में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय को भी अधर में लटका दिया। यही हाल ऐतिहासिक स्थली कण्वाश्रम, मोटर नगर बस अड्डे और ट्रंचिग ग्राउंड का भी बना है। ट्रंचिंग ग्राउंड के अभाव में नगर में कूड़ा निस्तारण चुनौती बना हुआ है। ज्ञापन में यमकेश्वर व लैंसडौन विधानसभा में स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त कर चिकित्सकों की तैनाती करने, बीन नदी और सिंगटाली पुल का निर्माण व नैल-बुधोली मार्ग का डामरीकरण शीघ्र करने की मांग भी की गई।
प्रदर्शन करने वालों में महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत, बलवीर सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, कृष्णचंद्र खंतवाल, नरेंद्र सिंह नेगी, राजा आर्य देवी आदि शामिल रहे।