मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मनीष अग्रवाल ने जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में डाक्टरों के अनुपस्थिति रहने के मामले की जांच कर रिपोर्ट मंडलीय निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को भेज दी है। जांच रिपोर्ट के अनुसार जिला अस्पताल में तैनात तीन डाक्टर बिना किसी सूूचना के अक्तूबर माह से नदारद चल रहे हैं।
जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में तैनात कई डाक्टर लंबे समय से अनुपस्थित हैं। इनमें से कुछ डाक्टर ऐसे हैं जो बिना सूचना के अक्तूबर से नदारद हैं। सोमवार को सीडीओ की ओर से किए गए औचक निरीक्षण में इसका खुलासा हुआ। जन चेतना मंच की अगुवाई में लोगों की ओर से इस पर आक्रोश जताए जाने पर बुधवार को डीएम चंद्र शेखर भट्ट सीएमओ को इसकी जांच करने के निर्देश दिए थे।
सीएमओ डा. मनीष अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में जाकर मामले की जांच कर ली है। महिला अस्पताल के जो डाक्टर अवकाश पर गए हुए हैं उन सभी ने अपना अवकाश स्वीकृत कराया हुआ है। जिला अस्पताल में अक्तूबर माह से अनुपस्थित चल रहे डा. यूएस कंडवाल, डा. एन रतूड़ी, आई सर्जन डा. बीसी रमोला बिना किसी सूचना के गैर हाजिर चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि डा. दुर्गा प्रसाद जोशी काम पर लौट आए हैं। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट मंडलीय निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को भेज दी है। जांच रिपोर्ट की प्रतिलिपि जिलाधिकारी पौड़ी और महानिदेशक स्वास्थ्य को की गई है।