भाबर क्षेत्र के अंतर्गत मोटाढांक निवासी एक व्यक्ति ने खनन कारोबारियों पर उनकी निजी भूमि पर बनी चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त कर नदी में अवैध खनन के लिए रास्ता बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस संबंध में सीएम को ज्ञापन भेजा और क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने और खनन कारोबारियों से उन्हें और उनके परिवार को खतरा बताते हुए न्याय की गुहार लगाई।
मोटाढांक निवासी अनिल पंत ने ज्ञापन में कहा कि पट्टी हल्दूखाता के अंतर्गत लछमपुर में उनकी मां सुशीला देवी के नाम पर एक बीघा भूमि है। उनकी भूमि मालन नदी से सटी हुई है। आरोप लगाया कि क्षेत्र के खनन कारोबारियों ने जेसीबी से उनकी दीवार तोड़कर मालन नदी में अवैध खनन के लिए रास्ता बना दिया है। उनकी भूमि से दिन रात उपखनिज से भरे वाहन आवाजाही कर रहे हैं। कहा कि उन्होंने रास्ते को बंद करना चाहा, तो खनन कारोबारियों ने कुछ असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर निर्माण कार्य कर रहे मजदूरों को मौके से भगा दिया और उन्हें भी देख लेने की धमकी दी।