नैनीडांडा ब्लाक में ऊर्जा निगम के सचल दल ने तहसील धुमाकोट, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैनीडांडा के आवासीय भवनों समेत ग्राम बसोली में छापा मारकर बिजली चोरी के पांच मामले पकड़े। ऊर्जा निगम ने संबंधित भवन स्वामियों के खिलाफ थाना धुमाकोट में बिजली अधिनियम की धारा 135 के तहत पांचों मामले में मुकदमा दर्ज कराया।
ऊर्जा निगम के एसडीओ नवीन मैंदोलिया व अवर अभियंता केके थपलियाल की अगुुवाई में ऊर्जा निगम के सचल दल ने सीएचसी नैनीडांडा के आवासीय परिसर में दो घरों में छापा मारा। इस दौरान दोनों मकानों में एलटी लाइन में कटिया डाल बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। वहीं धुमाकोट तहसील के आवासीय परिसर में एक राजस्व कर्मी के मकान में बिजली केबिल से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करना पाया गया। टीम ने ग्राम बसोली में भी दो मकानों में कटिया डालकर बिजली चोरी के मामले पकड़े। एसडीओ नवीन मैंदोलिया ने बताया कि सभी पांचों लोगों के खिलाफ धुमाकोट थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।