नगर निगम प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को भी गोखले मार्ग पर सड़क तक पसरी दुकानों का अतिक्रमण हटाया। साथ ही दुकानों में छापा मारकर सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वाले 22 दुकानदारों के चालान काटकर 10 हजार रुपये जुर्माना वसूला। नगर आयुक्त केएस नेगी ने व्यापारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की हिदायत भी दी।
नगर आयुक्त केएस नेगी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने शुक्रवार सुबह गोखले मार्ग पहुंचकर सड़क पर अतिक्रमण कर फड़ और ठेलियां लगाकर सब्जी बेच रहे लोगों को खदेड़ दिया। साथ ही उनके चालान भी काटे। इसके बाद टीम ने गोखले मार्ग, पटेल मार्ग, गंगादत्त जोशी मार्ग, स्टेशन रोड, देवी रोड आदि स्थानों पर दुकानों में छापा मारा। अभियान के दौरान टीम ने कई दुकानों से पॉलिथीन और थर्माकॉल से बने उत्पादों को जब्त किया। नगर आयुक्त केएस नेगी ने कहा कि पॉलिथीन हानिकारक है और इससे कई प्रकार की परेशानियां पैदा होती हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत क्षेत्र की दुकानों, रेहड़ियों और फड़ों में छापा मारकर 22 लोगों के चालान काटकर 10 हजार रुपये जुर्माना वसूला है। अभियान के दौरान सहायक नगर आयुक्त संजय कुमार, मोहम्मद कामिल, सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, जसबीर सिंह, वर्क एजेंट असलम सहित नगर निगम के सफाई कर्मचारी और पीआरडी जवान मौजूद रहे।
ग्राहक नहीं लाते थैला
- नगर निगम की कार्रवाई से व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों ने कहा कि पॉलिथीन का प्रयोग करने पर ग्राहकों के भी चालान होने चाहिए। सामान के लिए घर से थैला नहीं लाने पर ग्राहकों को पॉलिथीन में सामान देना उनकी मजबूरी बन जाती है। बिना पॉलिथीन के ग्राहक सामान लेने को तैयार नहीं होते हैं।